गौरव पहलवान ने प्रथम स्थान पाया
शाहपुर। गांव सोरम के अंतरराष्ट्रीय पहलवान गौरव बालियान ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर रूस में आयोजित होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है।
गांव सोरम के होनहार पहलवान गौरव बालियान के कोच निर्दोष बालियान ने बताया कि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की 79 किग्रा की ट्रायल प्रतियोगिता में होनहार गौरव ने हरियाणा, गुजरात व आर्मी के पहलवानों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोच ने बताया कि चयनकर्ताओं ने गौरव का चयन रूस के उफा में 16 अगस्त से 22 अगस्त तक होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए किया है। पहलवान का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होने से गांव व खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।