संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के एक मदरसे में दवाई लेने आई एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने बताया कि उसे दौरा पड़ता है। उसे उसके भाई से पता चला था कि पुरकाजी थाने के हरिनगर गांव स्थित इस्लामिया मदरसे में इलाज होता है। वह तीन अक्तूबर को मदरसे में गई थी। वहां उसकी मुलाकात थाना छपार के भैसरहेड़ी गांव निवासी मुनीर और कासोपुर गांव निवासी अब्दुल समद से हुई।
बताया कि 24 अक्तूबर को दोपहर तीन बजे वह दोबारा दवाई लेने मदरसे गई। वहां मुनीर और अब्दुल समद मिले। आरोप है कि दवाई देने के बहाने कमरे में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की गई और दोनों ने दुष्कर्म किया। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।