गंग नहर 21 दिनों के लिए बंद
मुजफ्फरनगर। गंग नहर के वार्षिक क्लोजर में शुक्रवार रात गंग नहर को हरिद्वार से बंद कर दिया गया। अब चार नवंबर दिपावली के दिन फिर से पानी छोड़ा जाएगा। करीब 21 गंग नहर बंद रहेगी। इस दौरान सिंचाई विभाग की ओर से जनपद के सभी 88 रजबहों और माइनरों की सफाई कराई जाएगी। उधर, तीन सप्ताह तक गंग नहर से बंद रहने से मेरठ और दिल्ली में पेयजल की आपूर्ति भी बाधित रहेगी। भोला झाल से मेरठ के लिए और मुरादनगर से नई दिल्ली के लिए पेयजल की आपूर्ति गंग नहर से ही होती है।
गंग नहर की देखरेख और नहरों, रजबहों व माइनरों की सफाई के लिए प्रतिवर्ष गंग नहर का 21 दिनों का क्लोजर रहता है। जो दशहरे के दिन बंद की जाती है और दिपावली के दिन फिर से शुरु की जाती है। सिंचाई विभाग मुजफ्फरनगर खंड के अधिशासी अभियंता हरि शर्मा ने बताया कि शासन के आदेश पर शुक्रवार रात को हरिद्वार से गंग नहर को 21 दिनों तक के लिए बंद कर दिया गया है। अब दीपावली की रात चार नवंबर को फिर से गंग नहर में पानी छोड़ा जाएगा।
दो करोड़ के बजट से होगी नहरों की सफाई
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरि शर्मा ने बताया कि जनपद के माईनरों और नहरों की सफाई के लिए दो करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे 280 किलोमीटर नहरों व रजबहों की और 250 किलोमीटर माईनरों की सफाई की योजना बनाई गई है।
गंग नहर में तीन फुट पानी रहेगा
वार्षिक क्लोजर के दौरान गंग नहर में करीब तीन फुट पानी रहेगा, ताकि रेत खनन पर रोक लगाई जा सके। रेत खनन की रोकथाम के लिए डीएम और एसएसपी को भी पत्र लिखा गया है।