शहर के शिव चौक पर जाम से जूझते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
त्योहारों के बाद खुले स्कूल, सरकारी दफ्तर, कचहरी और बाजारों में उमड़ी भीड़ के चलते शहर में पूरे दिन जाम के हालात रहे। पुलिस को जाम खुलवाने को लेकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पांच दिन तक लगातार त्योहार रहने के कारण शहर में अधिकतर सरकारी कार्यालय, बैंक आदि बंद थे। दो दिन से बाजार भी बंद था।
बुधवार को स्कूलों, कचहरी, सरकारी दफ्तर और बाजार आदि खुले तो लोगों की भारी भीड़ शहर में नजर आई। इस कारण शहर में कई जगहों पर जाम लग गया। वाहनों के आड़े-तिरछे एक दूसरे के सामने आ जाने से सैकड़ों वाहन एक जगह पर ही जाम हो गए। कई जगहों पर लोग एक दूसरे से लड़ते नजर आए। सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शिव चौक, भगत सिंह रोड, कोर्ट रोड, प्रकाश चौक, महावीर चौक आदि जगहों पर सुबह से शाम तक जाम लगता रहा और खुलता रहा। जाम के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भीड़ देख बैंकों की ओर दौड़ी पुलिस
पांच दिन से बंद बैंकों के खुलते ही लोगों की भारी भीड़ शाखाओं में पहुंची। भीड़ को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस को बैंकों को चेक करने के लिए दौड़ाया। पांच दिन से त्योहारों के चलते सभी बैंक बंद चले आ रहे थे। बुधवार को बैंकों की शाखाएं खुली तो लोगों की भारी भीड़ लेनदेन करने के लिए बैंकों की शाखाओं में पहुंची। इस दौरान कोई घटना न होने पाए इसलिए एसएसपी बबलू कुमार ने एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह को चेकिंग कराने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने सभी सीओ और एसओ को चेकिंग में लगाया। सभी थानों की पुलिस ने बैंकों में जाकर भीड़ को चेक किया। संदिग्धों की तलाशी ली, बैंक परिसर के बाहर खड़े दुपहिया वाहनों की तलाशी ली। बैंकों के बंद होने तक पुलिस ने पूरे दिन चौकसी बरती।