मुजफ्फरनगर। व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में फिर से बढ़ोतरी की गई है। तीन महीने के भीतर चौथी बार दाम बढ़ने से होटल संचालकों से लेकर दिहाड़ी मजदूर तक सभी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। इस बार पांच किलोग्राम वाला एफटीएल छोटू सिलिंडर भी महंगा हुआ है, जिसका सबसे अधिक बोझ फैक्टरी मजदूरों और ठेले- खोमचे वालों पर पड़ेगा। खाड़ी क्षेत्र में ईरान और अमेरिका-इस्रायल के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। व्यवसायिक गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी का प्रभाव होटल-ढ़ाबो और स्ट्रीट वेंडर्स पर पड़ रहा है। तीन माह के दौरान व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।
लगातार हो रही बढ़ोतरी से चाय और समोसे सहित भोजन की थाली भी महंगी हो चुकी है। इस बार व्यावसायिक गैस सिलिंडर पर 42 और पांच किलो के एफटीएल छोटू सिलिंडर पर 11 रुपये बढ़े हैं। nकारोबार का संचालन करना हो जाएगा मुश्किल : मिठाई विक्रेता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष मित्तल का कहना है कि मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री बनाने में प्रयोग होने वाले सामान की दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही व्यवसायिक गैस सिलिंडर के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। ऐसे ही हालात रहे तो कारोबार का संचालन करना मुश्किल हो जाएगा।