देवबंद (सहारनपुर)। करीब एक पखवाड़े पूर्व साधारणपुर के जंगल में मिले शव के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि शराब के नशे में कहासुनी होने के बाद निरंकुश के दोस्तों ने ही उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
13 सितंबर को साधारणपुर के जंगल में एक युवक का शव बरामद हुआ था। शुरुआत में उसकी शनाख्त नहीं हुई, लेकिन घटना के तीन दिन बाद उसकी पहचान रामपुर निवासी निरंकुश पुत्र मांगेराम के रूप में हुई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर संजय सिंह (क्राइम) ने बताया कि इस मामले में निरंकुश के उत्तराखंड के शेरपुर रुड़की निवासी दोस्त नितिन और अनुज को गिरफ्तार किया गया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि साधारणपुर के जंगल में बैठकर पहले उन्होंने शराब पी। कहासुनी होने पर उन्होंने ही निरंकुश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। संजय सिंह ने बताया कि मांगेराम की तहरीर पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।