छह बाल श्रमिक मुक्त कराए
भोपा (मुजफ्फरनगर)। बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर टीम ने दुकानों पर छापा मारा। घबराए दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिराकर कार्यों को बंद कर दिया। वहीं, बाल कल्याण समिति टीम ने कार्रवाई के दौरान छह बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।
गांव भोपा में बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर अधिकारी पूनम शर्मा, गौरव मलिक आदि टीम ने फैंसी गिफ्ट सेंटर और भोपा थाने के निकट मिष्ठान भंडार की दुकान पर छापा मारा। बाल श्रम कर रहे छह बच्चों को मुक्त कराया। पूनम शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इसी बीच मिष्ठान भंडार पर मिले बाल श्रमिक के परिवार के लोगों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। अधिकारियों को बताया कि बाल श्रमिक के माता-पिता नहीं हैं, उसकी देखभाल और सुख दुख मिष्ठान भंडार स्वामी उठाते चलेे आ रहे हैं। इस पर बाल कल्याण समिति अधिकारियों ने बच्चे को उसके परिवारवालों को पुलिस की मौजूदगी में सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दुकानदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कराते हुए जिला कार्यालय में तलब किया जाएगा। सीनियर सब इंस्पेक्टर वासिफ अली ने बताया कि बाल कल्याण समिति टीम ने भोपा थाने पर सूचना देकर छापा मारा है। बाल श्रमिकों को मुक्त कराकर अपने साथ जिला कार्यालय ले गई है, जो कि विधिवत कार्रवाई होगी उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।