आलू के औने-पौने दाम मिलने से परेशान किसानों को अब राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद जिले में आलू के चार क्रय केंद्र खोले गए हैं। प्रत्येक तहसील में एक क्रय केंद्र खोला गया है।
जिला उद्यान अधिकारी और आलू क्रय केंद्रों के नोडल अधिकारी एसी पाठक ने बताया कि आलू क्रय केंद्रों ने शुक्रवार से काम करना शुरू कर दिया है। जिले की चार तहसीलों में प्रत्येक तहसील में एक क्रय केंद्र खोला गया है। पीसीएफ की देखरेख में चारों क्रय केंद्रों पर किसान सीधे आकर आलू बेच सकता है। किसानों को 487 रुपये कुंतल का मूल्य दिया जा रहा है।
नवीन मंडी स्थल पर एक क्रय केंद्र खोला गया है। दूसरा क्रय केंद्र बुढ़ाना तहसील के खेड़ा मस्तान में बनाया गया। जानसठ के रामराज और खतौली तहसील में आलू क्रय केंद्र खोला गया है। जिला स्तरीय अधिकारी को प्रत्येक आलू क्रय केंद्र पर तैनात किया गया है। आलू किसान को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसका प्रयास किया गया है।