संवाद न्यूज एजेंसी
छपार। पानीपत-खटीमा हाईवे पर बाइक लूट की दो वारदात अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो बाइक भी बरामद की गई हैं।
पांच अगस्त को खतौली निवासी अब्दुल सत्तार पानीपत-खटीमा हाईवे से गुजर रहा था। छपार क्षेत्र में चार युवकों ने उनकी बाइक रुकवाकर मारपीट की और छीनकर भाग गए। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लुटेरों ने गांव बानगर की पुलिया से शामली के एक युवक से भी दूसरी बाइक लूटी थी। शनिवार रात पुलिस ने छपार रोहाना मार्ग पर बिजोपुरा कट से चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने दोनों बाइक लूटने की घटना कबूल की।
सीओ सदर राजू कुमार साव न बताया कि आरोपियों में सिसोना गांव निवासी निशुल, रामपुर निवासी निखिल, सूरज और वंश पकड़े गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई दोनों बाइक बरामद कर ली हैं। आरोपियों ने तीन हजार रुपये के अलावा मोबाइल बेचकर हासिल की रकम खर्च कर दी। रविवार को आरोपी बाइक बेचने जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।