बुढ़ाना के जौला गांव स्थित जंगल से पकड़ी तमंचा फैक्टरी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जौला गांव के जंगल में चलती मिली तमंचा फैक्टरी
बुढ़ाना। (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने जौला गांव के जंगल में छापा मारकर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी। अवैध शस्त्र बनाने वालों के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तमंचा बनाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। तीन युवक पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गए। पुलिस ने मौके से बने-अधबने तमंचे, उनके पार्ट्स और बनाने के उपकरण बरामद किए।
इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह को जौला गांव के जंगल में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी की सूचना मिली। शुक्रवार शाम उन्होंने पुलिस बल को साथ लेकर जौला गांव के जंगल में गन्ने के खेत में छापा मारा। गन्ने के खेत में अचानक पुलिस को देखकर तमंचे बनाने वाले युवक पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायर करते हुए दो युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। तीन युवक पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से बने-अधबने तमंचे, उनके पार्ट्स व तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए। शनिवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने पत्रकारों के साथ वार्ता में बताया कि पकड़े गए युवक आसिफ पुत्र यूसुफ, निवासी जौला व अहसान पुत्र मिन्नू कस्बे के नई बस्ती का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि मौके से फरार होने वाले युवक अफरीदी उर्फ काला पुत्र वकील, जाबिर पुत्र इंतू व हुसन पुत्र आसू जौला गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि तमंचा बनाने वाले सभी युवकों का आपराधिक इतिहास है। अहसान के खिलाफ विभिन्न अपराधों में 12 मुकदमे दर्ज है। हुसन के खिलाफ पांच, आसिफ के खिलाफ 3, अफरीदी के खिलाफ 2 व जाबिर के खिलाफ भी दो मुकदमे बुढ़ाना कोतवाली में दर्ज है। सीओ ने बताया कि फरार होने वाले तीनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पूछताछ के बाद पुलिस ने मौके से गिरफ्तार दोनों आरोपियों को चालान कर दिया।