संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी में जमीनी विवाद में एक भाई ने दूसरे पर गोली चला दी। जो कान पर गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। घायल व्यक्ति पूर्व में भाकियू अराजनीतिक का जिला सचिव रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी भाकियू अराजनीतिक के पूर्व जिला सचिव धीरज त्यागी का बड़ा भाई सतीश त्यागी उसका साढ़ू भी है। दोनों में जमीनी विवाद चल रहा है।
बुधवार को धीरज त्यागी अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह संदिग्ध हालत में कान पर गोली लगने से घायल हो गया। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पूछताछ में घायल ने अपने बड़े भाई सतीश त्यागी पर गोली मारने का आरोप लगाया। सीओ सदर सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी लेकर आरोपी की तलाश की। आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी की पत्नी को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है ।
पुलिस ने घायल की पत्नी सोनू की तहरीर पर सतीश त्यागी के विरुद्ध कातिलाना हमले की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ सदर सुनील कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच व कार्रवाई की जा रही है।