बालाजी महाराज का श्रंगार कर छप्पन भोग लगाया
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण के चलते श्री बालाजी धाम में भगवान बालाजी की जयंती के अवसर पर शोभायात्रा का उत्सव तो नजर नहीं आया, लेकिन भक्तों का उत्साह बरकरार रहा। सोशल डिस्टेंस से बाला जी आरती कराई गई। भगवान बाला जी का स्वर्ण श्रंगार करने के बाद छप्पन भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा भक्तों ने घर पर रहकर ही बालाजी जन्मोत्सव मनाया और घर घर भक्तिरस की धारा बहती नजर आई।
नई मंडी की भरतिया कालोनी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर में समिति की ओर से इस बार भी बालाजी की भव्य शोभायात्रा को निरस्त कर दिया गया। मंदिर में सैनिटाइजेशन कराया गया। इसके साथ ही भगवान बाला जी के दर्शन करने के लिए आए भक्तों को सोशल डिस्टेंस और मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। सवेरे करीब सात बजे भगवान श्री बालाजी महाराज का स्वर्ण श्रंगार दर्शन, छप्पन भोग लगाया गया। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंस के साथ आरती की गई। भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया। बाला जी धाम मंदिर कमेटी से जुड़े प्रमुख समाजसेवी भीम सैन कंसल ने भक्तों से घर पर रहकर ही बाला जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान सुरेश चंद बंसल, हरिशंकर तायल, विजय बंसल, सुनील तायल, अशोक गर्ग, श्याम गोयल, अमरीश सिंघल, जेपी अनु, लक्की, मनोज खंडेलवाल, नीरज, कन्नू, कुलदीप, कैलाश, नितिन, शुभम आदि का सहयोग रहा।