मुजफ्फरनगर में सुबह फैलें कोहरे व ठंड में गंतव्य को जाते सवार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, दिन में आकाश में काले बादल रहे और शीतलहर चलती रही। सर्दी इतनी बढ़ी कि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह-शाम और रात में सर्दी बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
जिले की जनता को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दिन में दस बजे तक कोहरे का असर साफ देखा गया। आम आदमी को सड़क से चलना मुश्किल रहा। कोहरे के कारण मौसम में आद्रता 100 प्रतिशत रही। कोहरा छटा तो आकाश में घने काले बादल छा गए और सर्दी बढ़ गई। शीतलहर ने सर्दी को यहां अधिक बढ़ा दिया है और लोग दिन में ही कांपते दिखाई दिए। अधिकतम तापमान लुढ़ककर यहां 13.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन में भी लोगों को सर्दी सताती रही। चार दिन तक सूरज ने लोगों को थोड़ी राहत दी थी, लेकिन आकाश में बादल रहने के कारण सोमवार को राहत नहीं मिल सकी। सुबह-शाम और रात में अत्यधिक सर्दी रही। सर्दी का आलम यह रहा कि शाम को बहुत जल्दी सड़के सुनी हो गई और बाजार बंद हो गए। सुबह के समय भी यही स्थिति रही। सर्दी इतनी बढ़ी कि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।