मीरापुर। हरियाणा के पानीपत से रामराज क्षेत्र के गांव मानपुर जा रही एक लग्जरी कार अचानक आग का गोला बन गई। जलती कार में सवार दो लोगों ने किसी तरह जान बचाई। रामराज थाने में कार मालिक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार देर रात पानीपत निवासी राजेश कुमार व कृष्ण सिंह अपनी स्कोडा लौरा लग्जरी कार से रामराज क्षेत्र के गांव मानपुर जा रहे थे। कार चला रहे राजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली पौड़ी राजमार्ग पर गांव पुट्ठी के निकट अचानक कार के ब्लोअर से चिंगारियां निकलनी शुरू हो गयीं। चिंगारियों को देख चालक राजेश ने गाड़ी रोक ली देखते ही देखते कार के इंजन में आग फैल गई।
आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और धू-धू कर जलने लगी। हाईवे पर कार की होली जलते देख गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गये। इस दौरान कार चालक व उसके मित्र ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। कार में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।
पीड़ित ने 100 नंबर पर पुलिस को तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दो घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहंची। मीरापुर और रामराज पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों से घटना की जानकारी ली।