पांच नए कोरोना पॉजिटिव मिले, 19 हुए ठीक
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना के पांच नए मामले सामने आए हैं, जबकि 19 लोग ठीक हुए हैं। संक्रमितों में जिला जेल में बंद रहा एक व्यक्ति भी शामिल है। जेल में ही उसका सैंपल लिया गया था। डिलीवरी के लिए आईं दो महिलाएं भी कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। जिले में अब कोरोना के कुल केस 250 हो गए हैं जिनमें से सक्रिय केस 70 हैं और 179 ठीक हो चुके हैं।
बुधवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि कुल 121 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला जेल में बंद रहा सुजड़ू निवासी एक व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है। उसे शहर कोतवाली पुलिस ने जुए के आरोप में जेल भेजा था। जेल में ही उसका सैंपल लिया गया था। बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। जेल अधिकारियों का कहना है कि वह 21 से 22 जून तक जेल में रहा। उसे क्वारंटीन बैरक में रखा गया था। जिला महिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए आई संभलहेड़ा की एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। इस महिला की ट्रू-नेट मशीन से जांच की गई थी। महिला की डिलीवरी भी हो चुकी है। इसके अलावा डिलीवरी से पूर्व कराई जांच में गोयला की भी एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। रैंडम सैंपलिंग में भगत सिंह रोड स्थित पंचमुखी के पास का एक व्यापारी भी कोरोना संक्रमित मिला है। मंगलवार देर रात खालापार निवासी एक और व्यक्ति को कोरोना की पुष्टि हुई, लेकिन वह खुद ही मेरठ मेडिकल कॉलेज में जाकर भर्ती हो गया। एडीएम ने बताया कि मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती 19 कोरोना संक्रमित बुधवार को ठीक हो गए। इन सभी को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है। जिले में अब तक कुल 179 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं जबकि 11 की मौत हो गई है।