चुनावी रंजिश में दो पक्षों में संघर्ष, पांच घायल
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव पीपलशाह में चुनावी रंजिश के चलते ठाकुर व कश्यप समाज के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले, जिससे दोनों पक्षों के पांच लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तितावी थाना क्षेत्र का गांव पीपलशाह ठाकुर बहुल है, जिसमें इस बार ग्राम प्रधान पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुआ था। इसके चलते ग्राम प्रधान पद पर पवन कश्यप और नरेंद्र पाल मुख्य उम्मीदवार थे। गांव में ठाकुर पक्ष पहले पवन कश्यप के साथ था, लेकिन बाद में उन्होंने नरेंद्र पाल को समर्थन दिया था। इसके चलते पवन कश्यप की हार हुई थी, जिसके लिए कश्यप समाज के लोग ठाकुर समाज से रंजिश मानने लगे थे। बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे ठाकुर पक्ष के नरेश और सुंदर ट्रैक्टर ट्रॉली में खाद लेकर खेतों में जा रहे थे। उनके खेतों का रास्ता गांव के ही कश्यप समाज के रोशन के खेत से होकर जाता था। हर बार की तरह जब नरेश व सुुंदर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर रोशन के खेत से निकलने लगे, तो मौके पर मौजूद रोशन, नीटू व राकेश ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद रोशन, नीटू व राकेश ने नरेश व सुंदर को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही ठाकुर पक्ष में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग खेतों पर जा पहुंचे। प्रतिक्रिया में रोशन, नीटू व राकेश को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ राधेश्याम यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।