अमृत महोत्सव के तहत होंगे फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम
मुजफ्फरनगर, मोरना। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देशभर में फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले के नौ विकास खंड के 75 गांवों में कार्यक्रम का आयोजन होगा। इनमें गैर सरकारी संगठनों, निजी संगठनों, स्कूलों, व्यक्तियों व युवा मंडलों से जुड़े सैकड़ों युवा भाग लेंगे।
बैठक में नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि 13 अगस्त से 2 अक्तूबर तक आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देशभर में फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को अपने दैनिक जीवन में दौड़ने और खेल जैसी फिटनेस गतिविधियों को अपनाने और चिंता, रोग, मोटापे, आलस्य, तनाव से मुक्ति पाने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम सहायक हरिप्रकाश ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने जीवन में रोजाना कम से कम 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि को शामिल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया जाएगा। जिले के 9 विकास खंड क्षेत्र के चयनित 75 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रीति पाल, दुर्गेश शर्मा, प्रिया पाल, दीक्षा, वर्षा, स्वीटी उपाध्याय, मुस्कान, मनु, मनस्वी, शीतल, पूनम आदि मौजूद रहे।