रतनपुरी(मुजफ्फरनगर)। बघरा योग आश्रम के संचालक स्वामी यशवीर महाराज ने फुलत के मदरसे में एक और हिंदू युवक का धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। अब से पहले उन्होंने फुलत मदरसे में दो युवतियों सहित पांच लोगों के धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई नहीं होने पर मदरसे के घेराव की चेतावनी दी हैं।
फुलत के मदरसा दारुल उलूम रहीमिया में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया गया है। स्वामी यशवीर महाराज ने यह आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस व खुफिया विभाग टीम ने जांच शुरू की है। पुलिस की जांच अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
इसी बीच स्वामी यशवीर महाराज ने एक ओर वीडियो बयान जारी कर दिया। इसमें उन्होंने रथेड़ी निवासी राहुल कश्यप का धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया हैं। आठ वर्ष से युवक लापता है। उसका परिवार गांव छोड़कर शहर में रहने लगा हैं।
उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की हैं। आरोपी मदरसा संचालकों की गिरफ्तारी की मांग की।
-
ये था मामला
शुक्रवार को बघरा स्थित योग आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने कई लोगों के नाम और फोटो जारी करते हुए फुलत के मदरसा दारुल उलूम रहीमिया के संचालक हिफजुर्रहमान और उसके बेटे मौलाना जुबेर अंसारी पर धर्मांतरण के आरोप लगाए थे। मदरसा संचालकों पर ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा करने के भी आरोप लगाए। शुक्रवार को ही इस प्रकरण पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने एसपी देहात के नेतृत्व में तीन जांच टीम गठित की थी। टीमों ने शुक्रवार एवं शनिवार को मदरसे पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। मदरसे से जुड़े लोगों के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों से भी पूछताछ की।
-
इन लोगों के धर्मांतरण का लगाया गया आरोप
स्वामी यशवीर महाराज का आरोप है कि भैंसी निवासी जुगनू शर्मा का नाम बदलकर अब्दुल रहमान कर दिया गया। जबकि मेरठ के काशी का नाम बदलकर अकरम कर दिया गया। पंजाब के एक युवक का नाम बदलकर शरीफ कर दिया गया। वाल्मीकि समाज की बेटी मुस्कान का धर्म परिवर्तन कराकर फुलत निवासी नदीम से तथा पिंकी का धर्म परिवर्तन कराकर उसका निकाह फुलत निवासी फुरकान से करा दिया गया।
-
वर्जन
इस मामले में अभी जांच चल रही है। साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - अक्षय संजय महाडीक, एसपी देहात