मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोेतवाली पुलिस ने पड़ोसी के घर में चोरी करने वाले चरथावल क्षेत्र के गांव बधाई कलां निवासी रवि को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पीड़ित परिवार को पहले रहने के लिए किराये पर कमरा दिलाया। बाद में उनके यहां चोरी कर ली। पुलिस ने घर से चुराए हुए 12 लाख रुपये के जेवर बरामद किए है।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि रतनपुरी के गांव बडसू की मूल निवासी पूजा पत्नी प्रदीप नई मंडी कोतवाली के शांतिनगर गेट बर-दो के पास घर में किराये पर रहती है। उस घर में दो अन्य किरायेदार भी रहते है।
9 मार्च को यह परिवार शादी समारोह में गया था। इसी बीच ताला तोड़ कर जेवर व 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए थे। पीड़िता ने पड़ोसी किरायेदारों पर शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपी रवि को पचेंडा बाईपास पुल के पास रजबहे की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। उससे पूजा के घर से चुराए जेवर बरामद किए। पुलिस आरोपी के अपराधिक इतिहास का पता कर रही है।