मुजफ्फरनगर में ग्राम प्रधानी के चुनाव में शनिवार को संधावली गांव में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने दूसरे प्रत्याशी के समर्थक पर वोट डालकर लौटते समय फायर झोंक दिया, साथ ही मारपीट कर उसका सिर फोड़ डाला। फायरिंग और मारपीट से गांव में अफरातफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। सूचना मिलते ही डीएम और एसएसपी भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही आरोपियों की तलाश में दबिश दी। बाद में शांतिपूर्ण मतदान के लिए गांव में अर्द्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया गया। मंसूरपुर थाने में छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
संधावली गांव में हिलाल मेहंदी और कीर्तन सिंह पाल प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। मतदान के दौरान कीर्तन सिंह पक्ष का मंगत पाल वोट डालकर घर जा रहा था, रास्ते में दूसरे पक्ष के समर्थकों ने उस पर हमला कर दिया। हवाई फायरिंग की गई और तमंचे की बट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। गोलियां चलने से गांव में अफरातफरी मच गई। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के होने की वजह से अफसरों के हाथपांव फूल गए।
एसडीएम खतौली वैभव कुमार, सीओ डीके मित्तल ने गांव पहुंचकर लोगों को समझाना शुरू किया। इसी बीच डीएम निखिलचंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एकत्र भीड़ को लाठियां फटकारकर तितर-बितर किया। घायल मंगत पाल को जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने एक आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। देर शाम घटना में छह लोगों को नामजद किया गया है।
संधावली में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अर्द्धसैनिक बल तैनात किया गया। गांव में कई साल पहले भी सांप्रदायिक संघर्ष हुआ था, इसी आशंका के चलते अफसरों ने मामले को काफी गंभीरता से लिया। एडीएम वित्त सुनील सिंह और एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली ने गांव में ही मोर्चा संभाले रखा। चुनाव के बाद भी गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएम ने बताया कि संधावली की मामूली घटना को छोड़कर जिले में चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। संधावली में भी मतदान कुछ देर के लिए ही बाधित हुआ। इसके बाद सबकुछ सामान्य हो गया।