चरथावल के फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कोरोना कर्फ्यू में बंद फर्नीचर शोरूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चंद मिनटों में दुकानों से भयंकर लपटें निकलनी शुरू होने लगी। घटना से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस फोर्स और नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू करने में कड़ी मशक्कत की। सूचना पर जिला मुख्यालय से अग्निशमन दल की दो गाड़ियां पहुंची, तो घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच शोरूम का तमाम सामान जलकर राख हो चुका था। आग के कारण लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
चरथावल थाने के सामने जाहिद फर्नीचर का बड़ा शोरूम है। मंगलवार शाम करीब पौने चार बजे बंद फर्नीचर शोरूम से आग की लपटें नजर आने लगी। लोग कुछ समझ पाते कि तब तक दोनों दुकानों को आग ने पूरी तरह आगोश में ले लिया। आग से मौके पर अफरातफरी का आलम हो गया। थाने से प्रभारी एमपी सिंह पूरा फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। जिले में अग्निशमन दल को सूचना दी गई। खबर लगने पर आनन फानन में नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आग पर काबू पाने के लिए पंचायत के कर्मचारियों को लगाकर पानी के टैंकर भिजवाए। कुछ देर बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। नगर पंचायत के साथ दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग बुझाने का घंटों तक प्रयास किया, तब तक दुकानों में रखे फर्नीचर का सामान, कई जोड़ी डबल बेड़, आलमारी, वाशिंग मशीन, टीवी, एलएईडी, फ्रीज आदि तमाम सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के परिवार भी दुकानों के ऊपरी मंजिल पर रहता था। परिजनों से आग से बचने के लिए बराबर वाले मकान में शरण ली। दुकान और मकान की इमारत भी जलकर बर्बाद हो गई। चरथावल-थानाभवन मुख्यमार्ग पर स्थित शोरूम में हुई घटना से वाहनों का घंटों जाम लग गया। एसएसओ ने पुलिस बल लगाकर वाहनों और तमाशबीनों को नियंत्रित किया।