- शीशे तोड़ कर दमकल विभाग के कर्मी अंदर घुसे, एक घंटे में बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुज़फ्फ़रनगर। नई मंडी में वकील रोड पर विजय लक्ष्मी ऑप्टिकल शोरूम में सोमवार देर रात आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने यह देखकर दमकल विभाग को सूचना दी तो टीम ने पहुंच कर आग पर लगभग एक घंटे में काबू पाया। आग से शोरूम मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
नई मंडी निवासी शोरूम मालिक रोजाना की तरह कर्मचारियों के साथ रात में शोरूम बंद कर घर चले गए थे। रात में लगभग दो बजे उनके शोरूम में आग लग गई। शोरूम से आग की लपटें व धुआं बाहर निकलते देखकर आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी तो एफएसओ रामकिशोर यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शोरूम में लगी आग को बुझाने में टीम को लगभग एक घंटा लगा। शोरूम मालिक भी सूचना देने पर मौके पर पहुंचे।
शोरूम मालिक अजय कुमार ने बताया कि आग से उन्हें लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम में रखे महंगे चश्मे, फ्रेम व कीमती मशीनें जल गईं। उन्हें किसी की शरारत की भी आशंका जताई, क्योंकि शोरूम बंद करते समय सभी बिजली के स्विच और लाइटें बंद कर दी गई थीं, इसलिए आग लगने का कारण समझ में नहीं आ रहा है।
सीएफओ अनुराग कुमार का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। अधिकांश तौर पर ऐसा होता है कि दुकान मालिक लाइट बंद कर चला जाता है लेकिन इनवर्टर आदि में तो करंट रहता ही है। जो कभी-कभी आग लगने का कारण बन जाता है। यहां शोरूम में आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चला है।