मुजफ्फरनगर। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने डीएम को लिखे पत्र में कृषि यंत्रों के वितरण में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि मोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्राप रेजीड्यू 2020-21 को कृषि यंत्रों के डीलर प्रभावित कर सकते हैं।
टिकैत ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कृषि यंत्रों पर छूट की योजना को डीलरों द्वारा प्रभावित किये जाने की पूर्णत: आशंका है। जनपद के एक डीलर द्वारा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के चित्र का दुरुपयोग करते हुए समाचार पत्रों में योजना का विज्ञापन छपवाकर किसानों से अपने यहां आवश्यक पेपर जमा करने की बात की है। इस बात से यह आशंका उत्पन्न हो रही है कि पिछले एक वर्ष में बेचे गए यंत्रों का टोकन निकालकर अपात्र लोगों को लाभ देने की योजना बनायी गयी है। इसमें विभागीय मिलीभगत की भी आशंका है। अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा विज्ञापन दिये जाने व विभागीय कार्य डीलर के यहां होने पर संबंधित विभाग महत्वहीन प्रतीत होता है। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।