सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत
मुजफ्फरनगर। शामली रोड पर पीनना गेट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक और उसके बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शामली मार्ग पर जाम लगा दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी राकेश कुमार (35) सोमवार दोपहर नौ साल के बेटे वंश के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर आया था। शाम करीब चार बजे मुजफ्फरनगर से लौटते समय जैसे ही पिता-पुत्र शामली रोड पर गांव के पास पीनना गेट पर पहुंचे, सामने से आती तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राकेश और वंश की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण पिता-पुत्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए।
हादसे में पिता-पुत्र की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए शामली रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शाम तक ग्रामीण शामली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर मौजूद थे। मामले में राकेश कुमार के मोहल्ला रामपुरी निवासी ससुर होमगार्ड मिठ्ठन सिंह ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।