मुजफ्फरनगर। प्रस्तावित कॉलोनी के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए किसानों ने आवास विकास परिषद मेरठ की ओर से कराए जा रहे सर्वे का विरोध करने का निर्णय लिया है। किसान एकता मोर्चा ने बैठक कर निर्णय लिया कि धारा-29 के तहत जो नोटिस भेजे गए हैं, उनके विरुद्ध भी एतराज दाखिल कराया जाएगा।
किसान एकता मोर्चा की शेरनगर पंचायत भवन पर बैठक आयोजित हुई। जिसमें आवास विकास परिषद मेरठ की ओर से शहर से सटे तीन गांव शेरनगर, धंधेड़ा और बिलासपुर की कृषि योग्य 280 हेक्टेअर भूमि अधिग्रहीत किये जाने की प्रक्रिया का विरोध किया गया।
आवास विकास परिषद की ओर से लैंड पुलिंग योजना के तहत किसानों की भूमि लेने की प्रक्रिया का विरोध किया गया। इसके साथ ही धारा-29 के तहत किसानों को भेजे गए नोटिस के विरुद्ध निर्धारित समय अवधि में एतराज लगाने का भी निर्णय लिया गया।
प्रो. डॉ.कैलाशचंद गोयल और मोर्चा से जुड़े किसान सुकेश कुमार की ओर से लैंड पुलिंग एवं अधिग्रहण की प्रक्रिया के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सीताराम सोनी, प्रमोद चौधरी, मनोज गुर्जर, चेतन चौधरी, मौसम अली, रमेश चंद गोयल, खुर्रम एड. आदि शामिल रहे।