मुजफ्फरनगर। मोरना चीनी मिल को छोड़ जिले की अन्य सभी सात चीनी मिलों के पेराई सत्र 2021-22 का समापन हो गया है। किसानों ने चीनी मिलों में इस सत्र में 3400 करोड़ का गन्ना डाला है, जो गत वर्ष से 153 करोड़ अधिक है। मोरना चीनी मिल के सत्र का 29 मई की रात में समापन हो जाएगा।
जिले की चीनी मिलों में किसानों ने इस बार गत वर्ष से 153 करोड़ का गन्ना अधिक डाला है। जिले में आठ चीनी मिले है, सात चीनी मिलों में पेराई सत्र का समापन हो गया है। एक चीनी मिल मोरना के सत्र का 29 मई की रात में समापन हो जाएगा। जिले की चीनी मिलों में किसानों ने इस बार 3400 करोड़ का गन्ना डाला है। गत वर्ष किसानों ने चीनी मिलों को 3247 करोड़ का गन्ना बेचा था। किसानों के खातो में इस बार 153 करोड़ अधिक जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी ने कहा कि इस बार चीनी मिलों का भुगतान बहुत अच्छा है। लगभग 84 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान हो चुका है। इस बार गन्ने की पेराई तो नहीं बढ़ी है, लेकिन गन्ना मूल्य बढ़ने से किसानों के पास पहुंचने वाला पैसा बढ़ गया है।
टिकौला चीनी मिल ने पूरा भुगतान किया
जिले की टिकौला चीनी मिल ऐसी चीनी मिल है, जिसने किसानों का समस्त भुगतान कर दिया है। इस सत्र में चीनी मिल ने पांच अरब 51 करोड़ 78 लाख 22 हजार का गन्ना खरीदा। मिल ने समस्त भुगतान किसानों के खाते में पहुंचा दिया है।
भैसाना ने बिगाड़ा भुगतान का समीकरण
जिले की एक मात्र चीनी मिल भैसाना है जिसने अभी तक केवल 25 प्रतिशत ही भुगतान किया है। अन्य सभी चीनी मिले 80 प्रतिशत से ऊपर चल रही है। जिले में अब तक 84 प्रतिशत भुगतान हो चुका है।