मुजफ्फरनगर। भूमि अधिग्रहण पर नाराजगी जता रहे किसानों ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। किसानों ने कहा कि किसी भी सूरत में अधिग्रहण की प्रक्रिया पर रोक लगनी चाहिए।
आवास विकास परिषद मेरठ और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की ओर से कृषि भूमि लेकर आवासीय कॉलोनियां बसाए जाने का विरोध हो रहा है। प्राधिकरण की ओर से शेरनगर की 21 हेक्टेयर एवं आवास विकास परिषद की ओर से शेरनगर सहित धंधेड़ा और बिलासपुर की 280 हेक्टेयर भूमि लेने का प्रस्ताव है।
आवास विकास परिषद की ओर से धारा-28 के तहत भेजे गए नोटिस से आहत किसान शुक्रवार को गांधी नगर स्थित राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी कृषि योग्य बहुमूल्य भूमि लेने का प्रयास किया जा रहा है। यही भूमि उनके रोजगार का साधन है। मांग रखी कि आवास विकास परिषद के भूमि अधिग्रहण के प्रस्ताव को निरस्त कराया जाए। प्रधान ब्रजेश पाल, भीष्मपाल, ऋषभपाल, प्रमोद राठी, सीताराम सैनी, वेदपाल, मनोज गुर्जर, मनोज कुमार आदि शामिल रहे।