क्या है मामला
चौधरी चरण सिंह हिंडन-कृष्णा दोआबा नहर प्रणाली का लोकार्पण 15 जनवरी 2004 को तत्कालीन सिंचाई विभाग की मंत्री अनुराधा चौधरी ने किया था। बुढ़ाना क्षेत्र के परासौली गांव के पास सिंचाई विभाग की जमीन पर वाटिका का निर्माण कर किसान मसीहा की प्रतिमा भी स्थापित की गई।
लोअर खंड की जमीन पर प्रतिमा होने के चलते विभाग ही पहल करेगा, लेकिन 20 साल बाद भी अनावरण पर निर्णय नहीं हो सका। यही वजह है कि चौधरी साहब की प्रतिमा पन्नी में लिपटी हुई है।
जनपद जाट महासभा ने दिया अल्टीमेटम, 20 जनवरी को कर देंगे अनावरण
भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए जनपद जाट महासभा के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम उमेश मिश्रा से मुलाकात कर प्रतिमा के अनावरण की मांग रखी।
जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कहा कि इस देरी की वजह समझ से परे है। चौधरी चरण सिंह ने प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य किए। जिले में उनकी प्रतिमा की अनदेखी की जा रही है। इतने साल तक पन्नी में प्रतिमा के लिपटे रहना निंदनीय है। 19 जनवरी तक अगर प्रशासन ने फैसला नहीं किया तो 20 जनवरी को जाट महासभा हवन के बाद मूर्ति का अनावरण कर देगी।