फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोल्हुओं पर पिट गया किसान का गन्ना

विज्ञापन
रतनपुरी में कोल्हू में गन्ना के पेराई करते युवक। - फोटो : MUZAFFARNAGAR
विज्ञापन
कोल्हुओं पर पिट गया किसान का गन्ना
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर। जिले के कोल्हुओं पर इस बार किसान का गन्ना पिट गया है। गन्ने का मूल्य कोल्हुओं पर 200 रुपये क्विंटल तक पर पहुंच गया है। किसानों को चीनी मिलों के गन्ना मूल्य के मुकाबले सीधे 125 रुपये क्विंटल तक का नुकसान हो रहा है।
जिले में अभी चीनी मिलों में पेराई शुरू नहीं हुई है। गेहूं की जल्दी बुआई करने वाले किसान अपना गन्ना कोल्हुओं पर डाल रहा है। बाजार में गुड़ मंदा हो जाने से गन्ने का भाव पिट गया है। हालत यह है कि जिले में गन्ने का सबसे कम रेट भोपा क्षेत्र में 200 रुपये क्विंटल तक आ गया है। भोपा के किसान महक सिंह ने बताया कि उसे मजबूरी में 200 रुपये के भाव में गन्ना डालना पड़ा। अथाई के किसान राकेश ने बताया कि उसका गन्ना 210 रुपये क्विंटल बिका है। चरथावल क्षेत्र के रोनी हरजीपुर गांव में कोल्हुओं पर गन्ने का रेट 230 प्रति क्विंटल है। यहां किसान अमित सिंह ने बताया कि जो गन्ना कट गया है, उसे कोल्हू पर डालना किसान की मजबूरी है। इसी क्षेत्र के कुटेसरा में गन्ना 240 रुपये में बिक रहा है। जिले के रतनपुरी क्षेत्र में गन्ने का भाव 250 से 265 तक चल रहा है। क्षेत्र के मोर माजरा निवासी विनोद ठेकेदार, पिंटू, अरुण कुमार, मौहम्मदपुर निवासी, जयभगवान ठेकेदार, समौली निवासी सतेंद्र चौहान, इकबाल निवासी रतनपुरी का कहना है कि अभी तक गुड़ की रिकवरी पूरी नही हो पाई है और मंडी में गुड़ के भाव अपेक्षाकृत कम है। इस कारण फिलहाल तो कोल्हू पर नुकसान हो रहा है। रिकवरी पूरी होने पर मुनाफे की संभावना बनेगी। रतनपुरी निवासी किसान रामसेवक, ओम सिंह, सतेंद्र सोम, जगपाल सिंह, मोहन सिंह आदि का कहना है कि कोल्हू पर गन्ने के भाव काफी कम हैं। शुगर मिलों के शुरू होने पर ही कोल्हुओं पर गन्ने के भावों में उछाल आएगा। जानसठ क्षेत्र में गन्ने का भाव 230 से 240 तक चल रहा है।
विज्ञापन

चीनी मिल देती है 325 प्रति क्विंटल का भुगतान
जिले की चीनी मिलों ने गत वर्ष किसानों को 325 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान किया है। सरकार ने इस सत्र के लिए अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। इस बार किसान गन्ना मूल्य में वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। कोल्हुओं पर गन्ना डालने वाले किसानों को मिलों के मुकाबले सीधा 125 रुपये क्विंटल तक का नुकसान हो रहा है।
2400 रुपये क्विंटल तक बिक गया गुड़
जनपद में इस बार कोल्हू की संख्या एक हजार तक बढ़ गई है। लगभग चार हजार कोल्हू गुड़ का उत्पादन कर रहे हैं। डिमांड कम और उत्पादन अधिक हो जाने से मंडी में गुड़ के भाव पिट गए हैं। शुरूआत में जो गुड़ 3500 रुपये क्विंटल बिक रहा था वह 2400 रुपये तक पर आ गया है। मंडी एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी का कहना है कि मंडी में प्रतिदिन पांच हजार गुड़ के कट्टे आ रहे हैं। कोल्हू संचालक गुड़ मंदा होने से नुकसान में पहुंच गए हैं।
विज्ञापन

इसी माह के अंत में चल जाएंगी चीनी मिलें
जिले की समस्त चीनी मिले अक्तूबर माह के अंत तक चल जाएगी। यह पूरा प्रयास किया जा रहा है कि मिलों का संचालन हर हाल में इसी माह हो। इससे किसानों को गन्ने के अच्छे दाम मिल पाएंगे।
आरडी द्विवेदी, डीसीओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें