कार में बनाता था नकली शराब, गिरफ्तार
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। शाहपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने चलती-फिरती शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए कार सवार युवक को गिरफ्तार किया है। कार में ही यूरिया से नकली शराब बनाकर उसे पैकिंग कर देहात के शराब ठेकों पर सप्लाई किया जाता था। कार से सौ लीटर मिश्रित शराब, यूरिया, खाली पव्वे-रेपर, ढक्कन व पैकिंग मशीन बरामद की गई हैं।
जनपद में चल रहे नशामुक्त अभियान के मद्देनजर पुलिस ने एक ऐसी शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया, जिसे चलती कार में ही अंजाम दिया जा रहा था। दरअसल, सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह व एसओ मनोज चाहल रविवार सुबह शाहपुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाहपुर की ओर से आती संदिग्ध कार को रोका. तो उसमें से एक युवक कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने धर लिया। कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 100 लीटर नकली शराब, चार किलो यूरिया, एक हजार खाली पव्वे, एक हजार ढक्कन, 1,109 रेपर और ढक्कन लगाने वाली मशीन बरामद की गई। एसओ मनोज चाहल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सोनू उर्फ मनोज निवासी मिल मंसूरपुर है, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी के अनुसार वह चलती कार में ही यूरिया से नकली शराब तैयार कर उसे पव्वों में पैक करता था। इसके बाद कार से ही देहात क्षेत्र के शराब ठेकों पर जाकर उन्हें कम दाम में सेल्समैनों को बेच देता था, जिसे ठेका सेल्समैन आगे मोटे मुनाफे पर बेचते थे। एसओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक किस-किस ठेके पर यह नकली शराब सप्लाई की है। इन ठेकों को चिह्नित कर आरोपी सेल्समैनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।