बुढ़ाना। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी को ऑल मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए जाने पर जमीयत उलमा-ए-हिंद की शाखा बुढ़ाना के पदाधिकारियों ने खुशी जताई।
जमीयत के पदाधिकारियों ने बताया कि कानपुर में दो दिवसीय ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का अधिवेशन चल रहा है। जिसमें देश के प्रसिद्ध विद्वान व मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। इस अधिवेशन में जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। मौलाना नजर मुहम्मद हाजी शाहिद त्यागी व जमीयत के मौलाना क़ासिम क़ासमी, मौलाना मुकर्रम अली कासमी ने कहा कि यह बहुत ही अहम फैसला है। देश व कौम के हक में है।
हाजी अजीजुर्रहमान व मौलाना इमरान हुसैनपुरी ने कहा कि मौलाना मदनी का इस पद के लिए चुनाव ऐतिहासिक है। इससे मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को भी ओर मजबूती मिलेगी। जमीयत उलमा बुढ़ाना के नगर अध्यक्ष हाफिज शेरदीन ने मौलाना मदनी को मुबारकबाद पेश की। जमीयत उलमा जिला मुजफ्फरनगर के सचिव मौ. आसिफ कुरैशी ने कहा कि मौलाना अरशद मदनी देश की उन्नति व समाज की सेवा में सबसे आगे है। इस मौके पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के सभी पदाधिकारियों ने खुशी जताई।