खतौली में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए सीएमओं।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, खतौली। बुढ़ाना रोड स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सीएमओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली खामियों के बाद सीएमओ ने स्टाप को फटकार लगाई। उन्होंने केंद्र प्रभारी का एक दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए।
बुढ़ाना रोड स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के लिए सीएमओ डॉ एमएस फौजदार पहुंचे। उन्होंने यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, एक माह में मात्र एक डिलीवरी होना बताए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की, वहीं उन्होंने टीकाकरण की भी जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष का कार्यक्रम चल रहा है। जिसमें पूरी तरह से टीकाकरण नहीं हो सका। कार्य में लापरवाही बरतने पर केंद्र प्रभारी चिकित्सक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र पर दो स्टाफ नर्स, 10 आशा और छह एएनएम हैं, इसके बाद भी संतोषजनक कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताई। सीएमओ ने स्टॉक रजिस्टर, औषधि भंडार, हाजिरी रजिस्टर का भी निरीक्षण किया उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ सफाई के भी निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्कूलों का भी भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारियों में अफरातफरी रही। सीएमओ के साथ एसीएमओ डॉ. राजीव निगम भी मौजूद रहे।