सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने की कवायद, थानों में बढ़ेगी निगरानी
मुजफ्फरनगर। जनपद के थानों में सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इससे थानों की निगरानी बढ़ जाएगी। पुलिस मनमर्जी से काम नहीं कर सकेगी। जिले में जानसठ थाने में अभी तक एक भी सीसीटीवी नहीं था।
प्रदेश शासन की केबिनेट की बैठक में प्रस्ताव पास हुआ है कि सभी थानों में 12 से 16 सीसीटीवी लगवाएं जाएंगे। इसके लिए तीन सौ करोड रुपये खर्च किए जाने का बजट की व्यवस्था की गई है। इस प्रस्ताव के बाद से जनपद में भी पुलिस अधिकारियों ने सभी थानों में लगे सीसीटीवी की स्थिति की जानकारी करनी शुरू कर दी है। वैसे जनपद के सभी थानों में पहले से ही कई-कई सीसीटीवी लगे हुए है। बावजूद इसके, अधिकारियों ने सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई की कवायद शुरू की है।
यदि नगर के थानों को देखें तो शहर कोतवाली में 6, सिविल लाइन थाने में 5, नई मंडी कोतवाली में 4, महिला थाने में 3 सीसीटीवी लगे है।भोपा थाने में 4,छपार थाने में 4, पुरकाजी में 4, तितावी में 4, शाहपुर थाने में 4,बुढ़ाना थाने में 4, खतौली में 7,सिखेड़ा में 5 सीसीटीवी लगे है।
पूरा परिसर कवर करने का प्रयास
अधिकारी बताते है कि सभी थानों में हवालात, महिला हेल्प डेस्क, गेट व कार्यालयों में सीसीटीवी लगाए गए है ताकि पूरे परिसर को कवर किया जा सके।
जानसठ कोतवाली में नहीं लगा सीसीटीवी
काफी पहले अधिकारियों ने थानों में सीसीटीवी लगाने के आदेश जारी किए थे। अधिकांश थानों में आदेश का पालन किया गया, लेकिन जनपद का जानसठ कोतवाली में अभी तक एक भी सीसीटीवी नहीं लगाया गया है।
इन्होंने कहा-
जनपद के सभी थानों में सीसीटीवी लगे है। अब इनकी संख्या बढ़ाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है-अतुल सक्सेना, एसपी देहात