चरथावल में आयोजित पंचायत में पहुंचे भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत : वीडियोग्रेब
चरथावल। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा किसानों को खेतों में जरूरत से ज्यादा खाद का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इससे खेतों की उर्वरा शक्ति क्षीण होती है। किसानों की समस्याएं हल नहीं होने पर त्रस्त होकर उन्हें आंदोलन का रुख करना पड़ता है। किसानों से आह्वान किया कि भाईचारे के साथ रहें।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रांगण में भाकियू नेता विकास शर्मा के संयोजन में पंचायत हुई। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा आपसी झगड़ों से परहेज रखते हुए किसानों को खेतीबाड़ी पर ध्यान देना चाहिए। इसी से किसान खुशहाल होगा।
वर्तमान में किसानों के सामने नई-नई चुनौतियां। बिजली और पानी का संकट है। किसानों को लागत कम करनी चाहिए। किसानों को अपनी जमीन बचाने का संकल्प लेना चाहिए।पिछले कई सालों से चौकड़ा बिजली घर की ओवरलोड मशीन नहीं बदलने से आपूर्ति बाधित रहती है। अधिकारियों को बिजली समस्या का समाधान कराना चाहिए।
भाकियू नेता विकास शर्मा ने कहा चौकड़ा और कुल्हेड़ी में नई समिति का गठन किए जाने से किसान को फायदा होगा। नलकूपों चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसान परेशान और लाचार है। बेसहारा पशु खेतों में लहलाती फसल चौपट कर रहे है। गांवों के संपर्क मार्गाें की दुर्दशा से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही हैं।
भाकियू नेता संजय त्यागी ने कहा स्मार्ट मीटर में धांधली का मुद्दा उठाया। एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी, सीओ सदर डॉ. रवि प्रकाश, एडीसीओ शोभाराम ने क्षेत्र की संबंधित समस्याओं को विभाग से नियमानुसार समाधान कराने का भरोसा दिया। राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजवीर सिंह जादौन, जिलाध्यक्ष नवीन राठी, ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी, धीरज लाटियान, मोनू भूराहेड़ी, अब्दुल समद, कपिल सोम आदि मौजूद रहे।