भट्ठों पर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें
मुजफ्फरनगर, सिखेड़ा/मंसूरपुर/भोपा। क्षेत्र में भट्टे पर काम कर रही महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एएसपी ने भट्टा स्वामियों के बैठक की।
एएसपी विवेक ने भट्टे पर काम कर रही महिलाओं के लिए रहने, खाने, नहाने और उनकी समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए।कहा कि भट्टे पर काम कर रहे मजदूरों के बारे में थाने पर सुचना अवश्य ही दर्ज कराएं, ताकि पुलिस को उनकी जानकारी रहे। बैठक में थाना प्रभारी रामवीर सिंह, दारोगा सतपाल सिंह, आबिद अब्बास, नजर मोहम्मद उर्फ नजरू मियां मौजूद रहे।
उधर, मंसूरपुर थाना परिसर में क्षेत्र के भट्टा मालिकों की बैठक में सीओ आशीष प्रताप सिंह कहा कि सभी भट्टा मालिक अपने भट्टों पर कार्य करने वाली महिला लेबर की सुरक्षा सुनिश्चित करें। रात में भट्टों पर रोशनी का पर्याप्त प्रबंध करें। भट्टा मालिक प्रमोद कुमार तथा कृष्ण त्यागी ने कहा कि इस समय भट्टों पर लेबर नहीं है, माह जनवरी में लेबर आएगी। भट्टों पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उधर, भोपा में सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी ने थाना परिसर में भट्ठा मालिकों की बैठक ली। भट्ठा संचालकों को बढ़ते प्रदूषण के दृष्टिगत केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के साथ ही वहां काम करने वाली महिलाओं के लिए शौचालय के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।