झांसी रानी चौक से अतिक्रमण हटवाते पालिका कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शहर के झांसी रानी चौक स्थित पार्किंग स्थल में सड़क के दोनों ओर ठेलियों के रूप में लग रहे अवैध बाजार रूपी अतिक्रमण को सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ मिलकर हटवा दिया। संबंधित ठेली विक्रेताओं को भविष्य में अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
शहर के झांसी रानी चौक पर नगरपालिका द्वारा पार्किंग स्थल विकसित किया गया था। इस पार्किंग स्थल का ठेका भी छोड़ा गया था, लेकिन ठेकेदार द्वारा पार्किंग स्थल में अवैध रूप से ठेलियां लगवानी शुरू कर दी थी, जिसने धीरे-धीरे पूरे बाजार का रूप ले लिया था। इसके चलते पालिका द्वारा ठेकेदार का ठेका निरस्त कर उसके खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराते हुए ठेली विक्रेताओं को वहां से हटा दिया गया था।
इसके कुछ समय बाद ही फिर से ठेली विक्रेताओं ने वहां पूरी तरह से कब्जा कर अतिक्रमण करते हुए अवैध बाजार सजा दिया था, जिससे शहर का यातायात बाधित होकर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने शहर कोतवाली व सिविल लाइंस थाना पुलिस को साथ लेकर झांसी रानी चौक स्थित पार्किंग स्थल में अतिक्रमण कर सजाए गए ठेली विक्रेताओं को वहां से हटा दिया।
इसके साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट ने भविष्य में अतिक्रमण करने पर ठेली विक्रेताओं को कार्रवाई की भी चेतावनी दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाते हुए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। ताकि शहर से जाम की समस्या का समाधान हो सके।