एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने क्षेत्र के अति संवेदनशील गांवों का भ्रमण कर कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालो को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से निडर होकर पोलिंग बूथ पर वोट डालने की अपील की है। क्षेत्र के अति संवेदनशील गांव सिकंदरपुर, पावटी खुर्द और खुसरोपुर में एसपी सिटी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मौके पर लोगों की बैठक कर निष्पक्ष चुनाव के संबंध में वार्ता की।
उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान व्यवधान पैदा करने, प्रलोभन देने अथवा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्चों को चिह्नित किया जा रहा है। चुनाव वाले दिन ऐसे लोगों को लाल कार्ड जारी कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से पिछले चुनाव में आने वाली दिक्कतों को भी समझा और उनका समाधान कराने के आदेश थाना प्रभारी को दिए। इसके अलावा एसडीएम सदर रामअवतार गुप्ता और सीओ सदर शिवराज सिंह ने अति संवेदनशील गांवों कुल्हेड़ी और खुसरोपुर में ग्रामीणों की बैठक लेकर शांतिपूर्वक चुनाव कराने में सहयोग की अपील की है।
अफसरों ने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होगा। कोई कितना भी प्रभावशाली और रसूखदार को भी कानून तोडने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने शिकायत पर ब्लॉक प्रांगण का निरीक्षण कर कर्मचारियों से आदर्श चुनाव संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने देर शाम पुलिस बल के साथ चेकिंग कराई। मंगलवार को एसडीएम सदर ने पुलिस द्वारा पाबंद किए लोगों के मुचलके फार्म भरवाने की कार्रवाई थाने में आकर कराई। जिससे लोगों को जिला मुख्यालय दौड़ लगाने में राहत मिली।
तीन वारंटी और छह वांछित दबोचे
मुजफ्फरनगर। जनपद में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते पुलिस ने वांछितों और वारंटियों का जीना मुहाल कर दिया है। रोजाना दबिशों का दौर जारी है। पुलिस दोनों तरह के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल का रास्ता दिखा रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर वारंटियों और वांछितों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी बबलू कुमार ने अभियान चला रखा है। इसके लिए शहर कोतवाली पुलिस ने देर रात वांछितों की तलाश में दबिश दी।
पुलिस ने सुजडू के दीन मोहम्मद मोहल्ला निवासी आसिफ और शहीद को पकड़ा। खादरवाला निवासी नौशाद और जोजो को गिरफ्तार किया। वारंटियों में पुलिस ने लद्दावाला निवासी नूरमोहम्मद को घर से दबोच लिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने अपने क्षेत्र के वांछितों में मेघाखेड़ी निवासी अंकित, पचेंडा कला निवासी रामबीर को गिरफ्तार किया। सिविल लाइन पुलिस ने आनंदपुरी निवासी राजकुमार और रामपुरी निवासी फिरोज आलम के कोर्ट से वारंट होने के चलते दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
अवैध हथियारों के साथ तीन दबोचे
मुजफ्फरनगर। चुनाव अभियान के चलते पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में सोमवार रात पुलिस ने तीन संदिग्ध दबोचे। तीनों के पास से अवैध हथियार मिलने पर पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया। शहर कोतवाल पीपी सिंह देर रात रामपुरम के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने रहमतनगर निवासी चांद पुत्र मुन्ना को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस पर फायर भी किया।
कोतवाल के अनुसार पकड़ा गया चांद मेरठ की मवाना कोतवाली से डकैती के मामले में वांछित चल रहा था। उधर, नई मंडी कोतवाली पुलिस ने विश्वकर्मा चौक पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे और दो कारतूस मिले। पकड़े गए दोनों आरोपियों जटमुझेड़ा निवासी हसेंद्र पुत्र वेदपाल और मनोज पुत्र माटूराम का पुलिस ने चालान कर दिया।