मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की आज प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशासन ने चुनाव की पूरी तैयारी कर ली है। डीएम कोर्ट में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके साथ ही जांच भी की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया को लेकर कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए है। कचहरी में पश्चिम गेट से लेकर डीएम कोर्ट तक बैरिकेडिंग कर दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए डीएम सेल्वा कुमारी जे आरओ और एडीएम वित्त आलोक कुमार एआरओ रहेंगे। डीएम कोर्ट में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी के नामांकन पत्र के साथ एक अनुमोदक और एक प्रस्तावक जरूरी है। पांच हजार की जमानत धनराशि के साथ नामांकन पत्र जमा कराए जाएंगे। 29 जून को नाम वापसी होंगे। तीन जुलाई को सुबह 11 बजे से तीन बजे मतदान कराया जाएगा। उसी दिन मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
छावनी में तब्दील रहेगी कचहरी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान कचहरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय को सुरक्षा व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है। नामांकन के दौरान सीओ सिटी, सीओ खतौली, सीओ नई मंडी, छह थाना प्रभारी निरीक्षक समेत भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पांच उम्मीदवारों ने छह नामांकन पत्र खरीदे
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने छह नामांकन पत्र खरीदे हैं। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि डॉ वीरपाल निर्वाल, सतेंद्र बालियान, तहसीन बानो खामपुर, इमरान बिलासपुर, जरीन मखियाली ने नामांकन पत्र खरीदे है। इनमें वीरपाल निर्वाल ने दो और बाकी सभी ने एक-एक नामांकन पत्र खरीदा है।
डीएम सेेल्वा ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने निर्वाचन कार्यालय परिसर में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। वहां पर रखीं ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रख रखाव और अन्य व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन अमित सिंह भी मौजूद रहे।
आज तस्वीर साफ हो जाएगी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन पक्ष दाखिल होने के साथ ही चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी। भले ही पांच सदस्यों ने नामांकन पत्र खरीदा हो, मगर माना जा रहा है कि दो ही उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वैसे मुख्य मुकाबला भाजपा के वीरपाल निर्वाल और भाकियू की ओर से घोषित प्रत्याशी सतेंद्र बालियान के बीच रहेगा।
भाजपा के खिलाफ विपक्ष एकजुट है, मगर अभी तक विपक्ष ने संयुक्त प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। हालांकि रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी का कहना उनके सदस्य भाजपा के खिलाफ वोटिंग करेंगे। भाजपा ने डॉ वीरपाल निर्वाल का अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के तहेरे भाई सतेंद्र बालियान को भाकियू की सदस्यता ग्रहण करा कर अध्यक्ष पद पर भाकियू का प्रत्याशी घोषित कर चुनाव को रोमांचक बना दिया।
जिले में 43 जिला पंचायत सदस्य है। चुनाव में भाजपा के 13, निर्दयीय 17, रालोद के तीन, बसपा के तीन, भाकियू का एक और आजाद समाज पार्टी के छह सदस्य जीते थे। अध्यक्ष पद पर जीत के लिए 22 का आंकड़ा पार करना है। भाजपा और विपक्ष जिला पंचायत सदस्यों की जोड़ तोड़ में लगातार लगा है।