मुठभेड़ में दबोचा वाहन चोर व लुटेरा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मखियाली बाईपास पर हुई मुठभेड़ में वाहन चोर व लुटेरे को गिरफ्तार किया है। बदमाश को दोनों पैरों में गोलियां लगने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं।
नई मंडी कोतवाली पुलिस शुक्रवार दोपहर भोपा बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर भोपा रोड की तरफ से आ रहे युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए पुराने मखियाली बाईपास पर भागने लगा। जिस पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी कर ली। जवाबी कार्रवाई में लुटेरे को दोनों पैरों में गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ हिमांशु गौरव ने बताया कि युवक की पहचान रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव भनवाड़ा निवासी लुकमान उर्फ लुक्का के रूप में हुई है। जिसके पास से बिना नंबर की स्कूटी और तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं। लुकमान के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य जनपदों के मुकदमे भी चिह्नित किए जा रहे हैं। वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को एक हफ्ते पूर्व ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।