जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव : किसके सिर बंधेगा ताज, फैसला आज
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा के डॉ. वीरपाल निर्वाल होंगे या भाकियू के सतेंद्र बालियान बैठेंगे, यह निर्णय आज हो जाएगा। इस चुनाव में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। अज्ञात स्थानों पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य जिले में लौट आए हैं। दोनों दलों के नेता जीत का दावा कर रहे हैं।
जिला पंचायत की राजनीति यहां केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरपाल निर्वाल की जीत के लिए डॉ. संजीव बालियान ने दिन रात एक कर दिया है। इस चुनाव को उन्होंने इसलिए भी प्रतिष्ठा से जोड़ दिया है, क्योंकि विपक्ष ने उनके तहेरे भाई सतेंद्र बालियान को ही प्रत्याशी बना दिया है। डॉ. बालियान के सामने पार्टी में अपनी विश्वसनियता का सवाल भी खड़ा हो गया है।
भाकियू प्रमुख चौधरी नरेश टिकैत ने सतेंद्र बालियान को भाकियू की टोपी पहनाकर अध्यक्ष पद पर उनके नाम की घोषणा की थी। विपक्ष ने सतेंद्र बालियान को समर्थन दिया है। रालोद, सपा, आसपा, कांग्रेस सभी एक साथ सतेंद्र के पक्ष में खड़े हैं। भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि उनके पास 30 वोट हैं। जिला पंचायत में 43 वोटर हैं, जिसे 22 वोट मिल जाएंगे, वही चुनाव जीत जाएगा। विपक्ष के नेताओं का कहना है कि संख्या बल तो बीजेपी ने जुटाया है, लेकिन कुछ वोट उनके पक्ष में क्रास वोटिंग कर सकते हैं। हार-जीत एक या दो वोट से ही होगी। जब तक चुनाव का रिजल्ट नहीं आता तब तक दावे जारी रहेंगे। सभी जिला पंचायत सदस्य विभिन्न स्थानों से जिले में पहुंच गए हैं। भाजपा ने अपने वोटर उत्तराखंड के एक हिल स्टेशन और विपक्ष ने राजस्थान की पिंक नगरी में ठहरा रखे थे।
11 से तीन तक वोटिंग, इसके बाद मतगणना
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पर का चुनाव आज पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना डीएम कोर्ट में में तीन बजे से प्रारंभ होगी। मतदान एवं मतगणना कार्य में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए तीन जुलाई को कलक्ट्रेट स्थित कार्यालयों एवं न्यायालयों में अवकाश घोषित किया गया है।