मुजफ्फरनगर। ईद-उल-अजहा और रक्षाबंधन के त्योहार के मद्देनजर शुक्रवार शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ईद की नमाज घरों में पढ़ने की अपील की।
डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैगमार्च में शहर के तीनों थानों की पुलिस टीम और आरआरएफ के जवान शामिल रहे। अफसरों ने फ्लैगमार्च के माध्यम से लोगों से लॉकडाउन का पालन करने, नमाज घर में अदा करने के साथ ही कुरबानी भी अपने घर में ही करने की हिदायत दी। खुले स्थान पर कुरबानी करने या अवशेष फेंकने पर कार्रवाई किए जाने की भी चेतावनी दी। इससे पहले एसएसपी अभिषेक यादव ने ड्रोन कैमरे की मदद से शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को लॉकडाउन का पालन कराने और त्योहारों पर सांप्रदायिक वैमनस्या फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उधर, चरथावल में उपजिलाधिकारी सदर दीपक कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष, थाना और चौकियों के पुलिस स्टाफ, पीआरवी के पुलिसकर्मियों के साथ चरथावल के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला।
बाजारों में उमड़ी भीड़, जाम लगा
मुजफ्फरनगर। दो दिन के लॉकडाउन से पहले शुक्रवार को बाजारों में काफी भीड़ रही। लोगों ने बकरीद और रक्षा बंधन पर्व की जमकर खरीदारी की। ऐसे में शहर के रुड़की रोड, भगत सिंह रोड, कोर्ट रोड, झांसी रानी रोड पर भीड़ के कारण जाम की स्थिति रही। शनिवार को बकरीद बनाई जाएगी तथा सोमवार को रक्षा बंधन पर्व है। शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहेगे, इसी कारण शुक्रवार को बाजारों में भीड़ रही।
बकरीद को लेकर बाजारों में रही भीड़
खतौली/शाहपुर/मीरापुर। बकरीद के त्योहार को लेकर नगर के बाजारों में रौनक दिखाई दी। पिछले कई दिनों से बाजारों में ग्राहक नजर नहीं आ रहे थेख् लेकिन बकरीद से एक दिन पहले बाजारों में दुकानों पर खरीदार पहुंचे। कपड़े, जूते, गिफ्ट सेंटरों पर भीड़भाड़ रही। बाजारों में ई-रिक्शा चालकों के पहुंचने से जाम की स्थिति बनी रही। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को हिदायत देकर बाजारों से बाहर भेजा। उधर, मीरापुर में बकरीद के मद्देनजर शुक्रवार को कस्बे में पुलिस फोर्स के साथ अधिकारियों ने फ्लैग मार्च किया। सीओ जानसठ शकील अहमद ने घर में ही रहकर नमाज अदा करने और कुरबानी देने के लिए निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने त्योहारों की बैठक ली, दिशा निर्देश दिए
जानसठ। एसडीएम अशोक कुमार ने बकरीद व रक्षाबंधन के त्योहारों को लेकर तीनों नगर पंचायतों, ब्लाक व विद्युत निगम के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में त्योहारों पर बिजली, पानी व सफाई की उचित व्यवस्था के दिशा निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को नगर पंचायतों को सैनिटाइजर करने के भी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बकरीद पर कुर्बानी सामूहिक रूप से नहीं की जाएगी। बैठक में तहसीलदार अमित कुमार, जानसठ नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार शुक्ला, मीरापुर ईओ अनूप राय आदि रहे।