मुजफ्फरनगर। विधान सभा में बजट सत्र के दौरान शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा से जिले के शिक्षामित्रों के बीच खुशी का माहौल है। इस घोषणा के मुताबिक अप्रैल शैक्षिक सत्र से शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
मानदेय बढ़ने की घोषणा से जिले में तैनात लगभग 1100 शिक्षामित्रों को इसका लाभ मिलेगा। शिक्षामित्र गत नौ वर्ष से मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे थे। शिक्षामित्रों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
घोषणा की जानकारी मिलते ही सदर, मोरना, चरथावल समेत अन्य ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर शिक्षामित्रों ने एक-दूसरे को बधाई दी। शिक्षामित्रों का कहना है कि मानदेय बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और अधिक मनोयोग से विद्यालयों में शैक्षिक कार्य कर सकेंगे। nटीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों का नियमितिकरण भी हो : उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र उत्थान समिति की जिला कार्यकारिणी की अध्यक्ष सरिता सिंह का कहना है कि यह निर्णय उनके लंबे संघर्ष का परिणाम है। भविष्य में सेवा शर्तों और स्थायी समाधान की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। nसमय से लागू हो मानदेय वृद्धि प्रक्रिया : शिक्षामित्र रोबिन कुमार ने कहा कि बढ़े हुए मानदेय से परिवार की जरूरतें पूरी करने में राहत मिलेगी। सरकार से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की भी मानदेय वृद्धि की प्रक्रिया शीघ्र लागू की जानी चाहिए जिससे शिक्षामित्रों को जल्द लाभ मिल सके।