मुजफ्फरनगर : छपार क्षेत्र में गैंगस्टर की कार्यवाही के तहत संपत्ति सीज करते अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शिक्षा माफिया ने काली कमाई अकूत संपत्ति में खपाई
मुजफ्फरनगर। शिक्षा माफिया ने करीब डेढ़ दशक में काली कमाई के बल पर अकूत संपत्ति बनाई। शासन की सख्ती पर पुलिस प्रशासन ने उसकी कमाई को महज तीन माह में कुर्क करते हुए उसे पुराने मुकाम पर लाकर खड़ा कर दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी इमलाख खान का अवैध धंधे का सफर शहर के रुड़की चुंगी स्थित बाबा कोचिंग सेंटर से शुरू हुआ था। पुलिस के अनुसार कोचिंग सेंटर की आड़ में इमलाख खान ने फर्जी डिग्रियां बांटने का धंधा शुरू कर दिया, जिसके चलते वह कुछ ही समय में लाखों-करोड़ों में खेलने लगा। कोचिंग सेंटर के साथ ही उसके सपने भी बड़े होते चले गए, जिन्हें पूरा करने के लिए इमलाख खान ने गांव बामनहेड़ी व सरवट के साथ ही छपार क्षेत्र के कई गांवों में बेशुमार संपत्ति अर्जित की। फिलहाल वह गांव भमावड़ी में बाबा मेडिकल कॉलेज के साथ ही बाबा चैरिटेबल हॉस्पिटल और अन्य संस्थान की नींव रखने में लगा हुआ था, लेकिन पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई ने उसे फिर से जमीन पर ला दिया है। करीब डेढ़ दशक में कमाई गई करोड़ों की संपत्ति को प्रशासन ने महज तीन माह की अवधि में कुर्क कर इमलाख खान के तमाम सपने धराशायी कर दिए हैं।
इन्होंने कहा .........
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि इमलाख जनपद का टॉप-10 अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क की अब तक की सूबे की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। अपराधी कोई भी और कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।
मुजफ्फरनगर : छपार क्षेत्र में गैंगस्टर की कार्यवाही के तहत संपत्ति सीज करते पुलिस अधिकारी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
संम्पति सीज करती पुलिस अधिकारी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR