बुढ़ाना में प्रशिक्षण कैंप में लेखपालों को प्रशिक्षण देते अपर जिलाधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ड्रोन प्रौद्योगिकी की जानकारी दी
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। जनपद के ग्रामों में भारत सरकार की स्वामित्व योजना के अंतर्गत नवीनतम ड्रोन प्रौद्योगिकी द्वारा ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्र का सर्वेक्षण किया जाएगा। इस नवीनतम ड्रोन प्रौद्योगिकी के बारे में एडीएम ने अधिकारियों व लेखपालों को जानकारी दी और ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रशिक्षण दिया।
शुक्रवार को एडीएम अमित कुमार ने तहसील के मीटिंग हॉल में तहसील के सभी लेखपाल, तहसीलदार व उपजिलाधिकारियों को ड्रोन प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण कार्यक्रम में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा सभी जनपदों के गांवों में स्वामित्व योजना के अंतर्गत नवीनतम ड्रोन प्रौद्योगिकी का उपयोग कर ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य किया जाना है। इसकी सूचनाएं राजस्व परिषद के पोर्टल पर फीड की जाएगी। अधिसूचित ग्रामों से पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत चयनित ग्रामों के अक्षांश तथा दिशांतर भी राजस्व परिषद के पोर्टल पर फीड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लेखपाल अपने-अपने गांवों में जाकर गाटा संख्या के आधार पर मकानों का चिह्निकरण करे। ड्रोन के कार्य आरंभ करने से पहले नक्शे में सभी सूचनाएं अंकित होनी चाहिए। यह कार्य सोमवार से आरंभ किया जाना है। एडीएम ने ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रशिक्षण भी दिया। तहसीलदार मनोज कुमार सिंह तथा एसडीएम कुमार भूपेंद्र ने भी लेखपालों को इस कार्यक्रम के संबंध में निर्देश दिए।