मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव सहावली निवासी जोगेंद्र पुत्र रामपाल पर करीब 20 दिन पूर्व भी गांव में ही कातिलाना हमला किया गया था।
पीड़ित परिजनों का कहना है कि 14 जुलाई को घर के सामने रहने वाले युवक व उसके परिजनों ने जोगेंद्र को घर के बाहर से खींचकर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की थी। हमलावरों ने जोगेंद्र पर एक युवक की आपत्तिजनक वीडियो व फोटो होने का हवाला देते हुए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित चौकी पुलिस को नामजद तहरीर दी गई, लेकिन मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि वहां भी दूसरे पक्ष द्वारा आपत्तिजनक वीडियो का हवाला देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाए जाने पर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस 20 दिन पूर्व हुए इस हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती तो संभवत: उसकी जान बच सकती थी।
करीब एक साल पुरानी है आपत्तिजनक वीडियो
मुजफ्फरनगर। गांव सहावली में जिस आपत्तिजनक वीडियो क्लिप के जरिये ब्लैकमेलिंग को लेकर जोगेंद्र की हत्या की आशंका जताई जा रही है, वही करीब एक साल पुरानी है। सूत्रों के अनुसार, जोगेंद्र ने गांव के ही एक युवक को किसी तरह बहला-फुुसलाकर उक्त वीडियो क्लिप बनाई थी। इसी वीडियो क्लिप के जरिये जोगेंद्र पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लग रहा है। इन्हीं आरोपों को लेकर गत 14 जुलाई को उस पर हमला हुआ था और संभवत: यही क्लिप उसकी मौत की वजह भी बन गई है।
कई हिरासत में, खुलासा जल्द
मुजफ्फरनगर। गांव सहावली निवासी जोगेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने कई लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि थाना पुलिस के हाथ हत्याकांड से संबंधित अहम सुराग लगे हैं, जिनके आधार पर बहुत जल्द हत्या की इस वारदात का खुलासा किया जा सकता है।