खंभे से टकराई कार में जिंदा जल गया चालक
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर स्टेट हाईवे पर रोहाना के निकट मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई। खंभे से टकराकर कार में आग लग गई, जिससे चालक उसी में जिंदा जल गया। शव की पहचान उत्तराखंड के पौड़ी निवासी शीशपाल के रूप में हुई है।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर रोहाना से ठीक पहले एस्सार पेट्रोल पंप के निकट मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे हाईटेंशन लाइन के बिजली के खंभे से जा टकराई। यह कार सहारनपुर से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी, जिसमें खंभे से टकराते ही भीषण आग लग गई। कार में आग लगने से उसे चला रहे व्यक्ति ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन कार ऑटो लॉक हो जाने से वह बाहर नहीं निकल पाया और उसी में फंसा रह गया। लगा। हादसा देख किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब चालक सीट पर बैठे व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने जली हुई कार की नंबर प्लेट के आधार पर शव की शनाख्त की, तो उसकी पहचान मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी व हाल नई दिल्ली के संगम विहार निवासी शीशपाल (40) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार सुबह उसके परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार शीशपाल दिल्ली की एक कंपनी में वाहन चालक था। मंगलवार को वह देहरादून लैपटॉप लेने गया था, जहां से देर रात वह दिल्ली लौट रहा था। इसी दौरान उसकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें युवक जीवित ही जल गया। फिलहाल घटना के संबंध में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी।