डॉ. संजीव बालियान ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर मेरठ और मुजफ्फरनगर के बीच डीएफसी रेलवे लाइन पर लोगिस्टिक हब बनाने की मांग की है। इसके लिए मंसूरपुर रेलवे स्टेशन को उपयुक्त जगह बताई है।
रेल मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि डीएफसीसी आईएल द्वारा बनाई जा रही रेलवे लाइन जिला मेरठ और मुजफ्फरनगर से होकर जा रही है, लेकिन इस खंड में केवल क्रासिंग स्टेशन ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर कोई लोगिस्टिक हब यानी सामग्री चढ़ाने उतारने की सुविधा नहीं है। डीएफसी रेलवे लाइन पर खुर्जा के बाद सहारनपुर में लोगिस्टिक हब दिया जा रहा है। मुजफ्फरनगर में शुगर मिल, पेपर मिल, लोहा उद्योग का हब है। इसके अतिरिक्त एनसीआर होने के कारण जनपद मुजफ्फरनगर एवं आसपास के जनपदों में बड़ी औद्योगिक गतिविधियां निरंतर बढ़ रही है। औद्योगिक एवं व्यापारिक हितों के दृष्टिगत मेरठ और मुजफ्फरनगर के बीच लोगिस्टिक हब उपलब्ध कराने की आवश्यकता है, ताकि यहां विकास की गति बढ सके। डीएफसीसी आाईएल का नया मंसूरपुर पासिंग स्टेशन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 58 पर स्थित है, जो लोगिस्टिक हब के लिए उपयुक्त है। इससे आसपास के जनपदों को भी लाभ होगा। डीएफसीसी आईएल के प्रबंध निदेशक आरएन सिंह को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।