भाकियू तोमर कार्यकर्ता के घर लाखों की चोरी
मुजफ्फरनगर। गांव मिमलाना में भाकियू तोमर के कार्यकर्ता के घर से चोरों ने छह लाख की नकदी व चार लाख के जेवर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर सनसनी फैला दी। घटना के समय परिजन घर में ही सोए थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लग पाई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मिमलाना निवासी शहजाद मलिक भाकियू तोमर का कार्यकर्ता है। बुधवार रात शहजाद शाहबुद्दीनपुर रोड पर परिचित के यहां कार्यक्रम में गया था। वहां से आकर वह अन्य परिजनों के साथ घर में ही सो गया। देर रात शहजाद के पिता उठे तो कमरे में सारा सामान फैला देख उसके होश उड़ गए। पास के कमरे में रखी अलमारी व संदूक भी अस्त-व्यस्त मिले, जिनका सामान फर्श पर फैला हुआ था। यह देख वृद्ध ने बेटे शहजाद को जगाकर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर जा पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही चोरों की भी तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पीड़ित परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व उन्होंने अपना एक मकान बेचा था। इससे मिली रकम में से छह लाख रुपये नकद घर में ही रखे हुए थे, जबकि चार लाख रुपये कीमत के जेवरात भी हाल ही में बनवाए गए थे। उक्त नकदी-जेवर मौके से नदारद थे। इसके साथ ही अन्य कीमती सामान भी घर से गायब था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।