भोपा के रहकड़ा पुलिया के पास हुए सड़क हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी एक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची भीड़ को देखकर बस चालक भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
रविवार शाम क्षेत्र के गांव रहकड़ा निवासी ओमपाल अपने साथी डॉ मनोज शर्मा निवासी भूम्मा मीरापुर हाल निवासी रहकड़ा भोपा किसी काम से आए थे। देर शाम दोनों बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर रहकड़ा पुलिया के पास तेजी से भोपा की ओर से आ रही टूरिस्ट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को सरकारी एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया,
जहां डाक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इक्कट्ठा हो गई, जिसे देखकर बस चालक कुछ दूर बस को छोड़कर भाग निकला। बस में सवार लोग भी इधर-उधर हो गए।
बताया गया कि बस में सवार लोग भोपा से किसी कार्यक्रम से लौट रहे हैं। मनोज अपने मामा के गांव रहकड़ा में रह रहा था। गांव में ही डॉक्टरी करता था। बाइक ओमपाल चला रहा था और मनोज पीछे बैठा था। ओमपाल की भी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करते हुए बस को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे से रहकड़ा में शोक छा गया और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।