फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिव्यांगों के लिए पांच स्पोर्ट्स कॉलेज खुलेंगे

Sun, 07 Aug 2016 12:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
program - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलौत ने मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में 1329 दिव्यांगों को 2222 सहायक यंत्र एवं उपकरण वितरित किए। गहलौत ने कहा कि दिव्यांगों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जाएगा। दिव्यांगों के लिए देश में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जाएंगे। 
विज्ञापन


दिव्यांगों के उपकरण वितरण समारोह में गहलौत ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी प्रत्येक दिव्यांग का सर्वांगीण विकास चाहते हैं। उनके मंत्रालय ने दिव्यांगों के लिए 66 योजनाएं चलाई हुई हैं। हम नर सेवा को नारायण सेवा मानकर चल रहे हैं। भारत सरकार दिव्यांगजनों की हरसंभव मदद कर रही है। दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षिक, मानसिक, शारीरिक विकास के लिए काम हो रहा है। दिव्यांगों के लिए देश में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जाएंगे। पांच राज्यों में खुलने वाले इन कॉलेजों के लिए राज्य सरकारों से जमीन मांगी गई है।

मंत्रालय देशभर में अब तक 140 कैंप लगा चुका है। दिव्यांगों को प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता और हायर एजूकेशन के लिए विदेश की पढ़ाई में भी सहायता कर रहा है। दिव्यांगों के उपचार और यंत्र उपलब्ध कराने के लिए ब्रिटेन और जर्मनी से भी सहयोग लिया जा रहा है। 
विज्ञापन


सभी योजनाओं को पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सर्वे कराया तो कुछ लोगों ने यह सोचते हुए कि कुछ होने वाला नहीं है, अपना नाम नहीं लिखवाया। अब ऐसे लोग बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। इन दिव्यांगों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है, इन्हें भी यंत्र और उपकरण दिलाए जाएंगे। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि दिव्यांगों की सेवा में भगवान की पूजा से भी ज्यादा सुख मिलता है, जो दिव्यांग बिना रजिस्ट्रेशन के रह गए हैं उनके लिए जिले में एक और कैंप लगवाने का प्रयास किया जाएगा।

बालियान ने अपनी सांसद निधि से कैंप के लिए नौ लाख रुपये दिए हैं।  भारत सरकार में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। जिले में एक करोड़ 28 लाख की कीमत के यंत्र और उपकरण दिए गए। संचालन भारत भूषण ने किया। 

उपकरण बनाने वाली एलिम्को के अध्यक्ष डीआर सरीन ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह में मुख्य रूप से सीडीओ अंकित अग्रवाल, नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल, पूर्व चेयरमैन सुभाषचंद शर्मा, अशोक कंसल, श्रीमोहन तायल, धर्मवीर बालियान, संदीप मलिक, संजय अग्रवाल, सरिता गौड़ आदि मौजूद रहे।

जब अवाक रह गई सायरा बानो
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र की दिव्यांग सायरा बानो को स्टेज पर बुलाकर केंद्रीय मंत्री गहलौत ने ट्राई साइकिल दी। मंत्री के जाने के बाद उससे चाबी छीन ली गई। इससे वह हताश हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सूची में उसका नाम नहीं है, लेकिन उसको तत्काल व्यवस्था के आधार पर ट्राई साइकिल दी जाएगी। कागजों की लिखा-पढी के बाद उसे ट्राई साइकिल दी गई। 

कीचड़ से होकर जाना पड़ा
मुजफ्फरनगर। शनिवार सुबह हुई बारिश के कारण राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में भी पानी भर गया था। कार्यक्रम स्थल पर पानी भरने के कारण बड़ी संख्या में दिव्यांगों को कीचड़ से होकर स्टेज पर जाना पड़ा। देखने वालों को भी इन पर काफी तरस आया। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें